It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

जागते ही चोर से भिड़ गई जांबाज महिला, कैंची लेकर गले से सोना काट रहे शराबी को धर दबोचा
By Lokjeewan Daily - 15-04-2026

जहाजपुर लोकजीवन। पंडेर थाना क्षेत्र के ओडिया खेड़ा गांव में एक महिला ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए न केवल अपनी जान बचाई, बल्कि घर में घुसे चोर को पकड़ लिया।  यह घटना तब हुई जब बदाम देवी पत्नी रामनिवास मीणा घर सो रही थी। इसी दौरान छाबडिया निवासी शराबी युवक बबलू मीणा चोरी की नीयत से उसके घर में घुस गया। अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी ने सो रही बदाम देवी के गले में पहने सोने के मांदलिया पर हाथ साफ करने की कोशिश की। आरोपी अपने साथ एक कैंची लेकर आया था, जिससे बदाम देवी के गले से जेवर काटने लगा। जैसे ही कैंची का स्पर्श हुआ, बदाम देवी की नींद खुल गई। अपने सामने एक अजनबी को देखकर वह घबराई नहीं, बल्कि पूरी ताकत के साथ उससे भिड़ गई। बदाम देवी ने शोर मचाना शुरू किया, जिससे घर के अन्य सदस्य और ग्रामीण भी जाग गए। बदाम देवी और चोर के बीच हुई इस गुत्थमगुत्थी में कैंची से दोनों को चोटें आईं। बदाम देवी की बहादुरी देख आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। गुस्से में आए ग्रामीणों ने आरोपी को रस्सी से बांध दिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सूचना मिलते ही पंडेर थाना प्रभारी कमलेश मीणा जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी बबलू मीणा को हिरासत में लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी नशे की हालत में था और वारदात के दौरान हुई झड़प में दोनों चोटिल हुए हैं। पुलिस आरोपी को लेकर अस्पताल पहुंची, जहां उसका उपचार कराया गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। गांव में बदाम देवी की इस बहादुरी और जांबाजी की हर तरफ चर्चा हो रही है, जिसने अपनी सूझबूझ से एक बड़ी वारदात को नाकाम कर दिया।

अन्य सम्बंधित खबरे