It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

साहूकार के सूने मकान पर धावा; गैस कटर से खिड़की काटकर अंदर घुसे चोर, ले गए लाखों का माल
By Lokjeewan Daily - 13-04-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन। आसींद कस्बे के पॉश रिहायशी इलाके श्रीमाल कॉलोनी में बीती रात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। शातिर चोरों ने एक साहूकार के सूने मकान को निशाना बनाया और आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने मकान में प्रवेश करने के लिए गैस कटर का उपयोग किया और खिड़की काटकर अंदर दाखिल हुए। मकान मालिक सपरिवार बाहर गया हुआ था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने इत्मीनान से अलमारियां तोड़ीं और पूरे घर को अस्त-व्यस्त कर दिया। घटना का पता रविवार सुबह तब चला जब पड़ोसियों ने घर का दरवाजा और खिड़की टूटी देखी। सूचना मिलते ही आसींद डीएसपी ओम प्रकाश सिंह और थाना प्रभारी श्रद्धा पंचोरी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए भीलवाड़ा से एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। पुलिस को आसपास के सीसीटीवी कैमरों में कुछ संदिग्धों की तस्वीरें मिली हैं, जिनके आधार पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि चोर लाखों का माल ले गए लेकिन  चोरी गई नकदी और जेवरात की सटीक जानकारी मकान मालिक के वापस लौटने के बाद ही मिल पाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

अन्य सम्बंधित खबरे