It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

घर पर भोजन करते ही एक ही परिवार के 8 सदस्यों की बिगड़ी तबीयत, मची अफरा-तफरी
By Lokjeewan Daily - 01-08-2026

 फूड प्वाइजनिंग की आशंका
- उल्टी-जी मिचलाने की शिकायत
भीलवाड़ा लोकजीवन। शाहपुरा में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक ही परिवार के आठ सदस्यों की घर पर खाना खाने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई। भोजन करने के कुछ ही देर बाद एक-एक कर सभी लोगों को उल्टी, पेट दर्द और घबराहट की शिकायत होने लगी। स्थिति बिगडऩे पर परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी पीडि़तों को तत्काल महात्मा गांधी अस्पताल लाया गया, जहां आपातकालीन वार्ड में उनका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार, खारोल परिवार के सदस्य घर में एक साथ बैठकर भोजन कर रहे थे। खाना खाने के कुछ ही मिनटों बाद सभी लोगों ने पेट में ऐंठन और जी मिचलाने की शिकायत की। देखते ही देखते घर के बच्चों और बुजुर्गों सहित आठों सदस्यों की हालत खराब हो गई। आसपास के लोगों को सूचना मिलने पर तुरंत निजी वाहनों व एंबुलेंस की सहायता से सभी को महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक रूप से चिकित्सकों द्वारा इसे फूड प्वाइजनिंग का मामला माना जा रहा है।
पीडि़तों  में बच्चे, महिलाएं व बुजुर्ग शामिल
विषाक्त भोजन की चपेट में आए पीडि़तों मेें प्रेम (30 वर्ष) पत्नी आकाश खारोल, गुलाबी देवी (60 वर्ष) पत्नी देवा खारोल, वैशाली (40 वर्ष) पत्नी कैलाश खारोल,  देवा (55 वर्ष) पुत्र रामदेव खारोल, कैलाश (32 वर्ष) पुत्र सावंत खारोल, अमन (12 वर्ष) पुत्र मुकेश खारोल, मनराज (15 वर्ष) पुत्र कैलाश खारोल
लक्ष्मी (12 वर्ष) पुत्री कैलाश खारोल शामिल है।
चिकित्सकों की टीम कर रही देखरेख
चिकित्सालय में भर्ती कराए जाने के तुरंत बाद ऑन-ड्यूटी चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मरीजों का प्राथमिक उपचार शुरू किया और ड्रिप आदि चढ़ाई। फिलहाल सभी मरीजों का इलाज जारी है और डॉक्टरों का कहना है कि समय पर इलाज मिल जाने से स्थिति नियंत्रण में है, हालांकि सभी को निगरानी में रखा गया है।
पुलिस व खाद्य सुरक्षा टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों से खाने में इस्तेमाल सामग्री और पकाने के तरीके के संबंध में जानकारी जुटा रही है। वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग को भी सूचित किया गया है ताकि भोजन के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा सकें, जिससे तबीयत खराब होने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। एक साथ 8 लोगों की तबीयत बिगडऩे से क्षेत्र में चिंता का माहौल है।

अन्य सम्बंधित खबरे